बुधवार, 23 फ़रवरी 2011

बाली उमर और उफ! ये रोग

ज्यादा जंक फूड खाना, एक्सरसाइज न करना, सेहत के प्रति लापरवाही, शारीरिक श्रम न करना, अपनी बीमारियों को लेकर खुलापन न होना ऐसे कुछ कारण हैं, जो आजकल टीनेजर्स को बीमार बना कर उनकी सेहत को प्रभावित कर रहे हैं। चिकित्सकों की मानें तो आधुनिक लाइफ स्टाइल और बढ़ता प्रदूषण भी इन बीमारियों की एक बड़ी वजह है।

आज की युवा लड़कियां स्मार्ट और इंटैलिजेंट होने के साथ एक्टिव भी हैं। पर कुछ बीमारियां ऐसी हैं, जो उनकी इस सक्रियता को कम कर रही हैं। लड़कियों में इन बीमारियां होने के कारण भी आसपास ही मौजूद हैं। चिकित्सकों की मानें तो आधुनिक लाइफस्टाइल और बढ़ता प्रदूषण भी उनकी सेहत को प्रभावित कर रहा है। जानी मानी फिजिशियन डॉक्टर मधु भटनागर के अनुसार वर्तमान में शारीरिक श्रम कम होता जा रहा है। रोजमर्रा के कामों में मदद व सुविधा के अनेक इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स उपलब्ध हैं। इसके साथ नियमित व्यायाम, अपनी देखभाल व फिटनेस की लापरवाही उनमें नई बीमारियों को जन्म दे रहा है। इनमें आम बीमारियां हैं:

एनीमिया
परिवार की देखभाल में स्त्रियां अक्सर खुद को भूल जाती हैं। अपने पोषण के प्रति ज्यादातर समय वह लापरवाह रहती हैं, जो कि एनीमिया पनपने का बड़ा कारण है। आयरन से भरपूर भोजन न करना या शरीर में आयरन का ठीक अवशोषण न होने से एनीमिया की समस्या बढ़ जाती है। एक आंकड़े के मुताबिक, देश में 60 प्रतिशत लोगों में रक्त की कमी है। इस रोग से 40 प्रतिशत लडकियां प्रभावित हैं। एनीमिया के कारण महिलाओं में थकान, उठने- बैठने और खड़े होने पर चक्कर आना, काम में मन न लगना, शरीर तापमान की कमी, पीलापन, सांस लेने में तकलीफ, सीने मे दर्द, हथेलियों में ठंडापन और लगातार सिर में दर्द रहता है।

पेट संबंधी समस्याएं
शरीर के अंदर आंतों की सफाई अच्छी तरह से न होने के कारण पेट संबधी कई बीमारियां हो जाती हैं। इससे पेट में कीड़े भी हो जाते हैं, जो मल के साथ गुदा-द्वार से बाहर निकलते हैं। ये कीड़े शरीर में खान-पान की गड़बड़ी के कारण से होते हैं। जंकफूड खाने से पाचन तंत्र पर बुरा प्रभाव पड़ता है। कब्ज, लूज मोशन की समस्या घेरे रहती है।

बालों में जूं
जुएं अधिकतर पसीने से पैदा होती हैं। पसीने के कारण बालों में खुजली भी पैदा होती है। जूं से पीड़ित रोगी के साथ सोने वाले के बालों में भी जूं पड़ जाती हैं। बालों की नियमित देखभाल नहीं करना जूं के अलावा डेंड्रफ, फुंसी आदि समस्याएं भी उत्पन्न करता है। इन सबका प्रभाव बालों की गुणवत्ता पर भी देखने को मिलता है।

अनियमित महावारी
इस रोग में स्त्रियों को महावारी के दौरान खून अधिक निकलता है तथा तेज दर्द होता है। कई स्त्रियों में यह रोग हारमोंस असंतुलन के कारण भी हो जाता है। यह रोग स्त्रियों के गर्भाशय से अनियमित तथा अत्यधिक खून के बहाव के कारण भी हो जाता है। इस संबंध में लापरवाही बिल्कुल अच्छी नहीं है। रोग के लक्षण दिखने पर चिकित्सक से परामर्श लेना ही बेहतर है।

मोटापा
डायटिंग से आशय ब्रेकफास्ट नहीं करना और रात में जमकर खाना नहीं होता। अक्सर लड़कियां फैट कंट्रोल करने के लिए ब्रेकफास्ट करना बंद कर देती हैं या शरीर के लिए आवश्यक ऊर्जा से कम पोषक भोजन करती हैं। पर विशेषज्ञों के अनुसार ब्रेक फास्ट नहीं करना वेट बढ़ाने लगता है।

मुंहासे (पिंपल्स)
मुंहासे त्वचा की एक स्थिति है जो सफेद, काले और जलने वाले लाल दाग के रूप में दिखते हैं। यह लगभग 14 वर्ष से शुरू होकर 30 वर्ष तक कभी भी निकल सकते हैं। इनका निकलना काफी तकलीफदेह होता है। गंभीर स्थितियों में इनके दाग-धब्बे चेहरे पर रह जाते हैं। पिंपल्स होना लड़कियों में तनाव भी उत्पन्न कर देता है।

स्तनों में जलन 
इस स्थिति में स्त्रियों के स्तन में जलन, दर्द तथा सूजन हो जाती है। इस रोग के कारण रोगी स्त्री के स्तन भारी, सख्त तथा सामान्य से अधिक बड़े हो जाते हैं। यह रोग स्तनों पर किसी प्रकार की चोट लग जाने के कारण या स्तनों में दूध जम जाने के कारण हो सकता है। इस रोग में लापरवाही बरती गई तो यह रोग आगे बढ़ कर स्तन कैंसर का रूप धारण कर सकता है।

स्किन प्रॉब्लम
फंगल इंफेक्शन से गर्मी में पसीना बहुत आता है। शरीर के ऐसे भाग जहां स्किन आपस में मिलती है, वहां फंगल इंफेक्शन की संभावना सबसे अधिक होती है, जैसे पैरों व हाथों की उंगली, बगल व जांघ। टाइट कपड़े पहनने और पूरा दिन शूज पहनने वालों के साथ ये समस्या अधिक होती है। इसके लिए शरीर की नियमित सफाई जरूरी है।
बीमारियों से बचने के लिए फिटनेस एक्सपर्ट शीला शर्मा का कहना है कि ब्रेकफास्ट में प्रोटीन, कार्बोहाइड्रेट और फैट को शामिल करें। इससे काफी हद तक बीमारियों से छुटकारा मिलता हैं। हालांकि इन बातों को ध्यान में रखकर पुरुष भी स्वस्थ रह सकते हैं। लंबी आयु से अधिक स्वस्थ जीवन का महत्व होता है। प्रत्येक महिला को अपनी प्रजनन प्रक्रिया, सेक्सुअल रिस्पांस साइकिल, सेक्स द्वारा फैलने वाली बीमारियों के बारे में मालूम होना चाहिए। आहार और फिटनेस की जानकारी भी होनी चाहिए(अनुरोध गोयल,हिंदुस्तान,दिल्ली,15.2.11)।

4 टिप्‍पणियां:

एक से अधिक ब्लॉगों के स्वामी कृपया अपनी नई पोस्ट का लिंक छोड़ें।