शुक्रवार, 21 जनवरी 2011

आज "वूमंस हेल्दी वेट डे" है

स्वस्थ और दीर्घायु बने रहने के लिए महिलाओं को उम्र और लंबाई के अनुसार अपने वजन को सही रखना बहुत जरूरी है। लेकिन कई बार छरहरा दिखने की ललक में लड़कियां और महिलाएं अपना वजन घटाने में जुनून की हद तक जुट जाती हैं, लेकिन वजन का कम होना भी उतना ही नुकसानदेह है, जितना वजन का ज्यादा होना। डॉक्टरों की मानें तो महिलाओं को अपने वजन का खास ख्याल रखना चाहिए। वजन अगर जरूरत से ज्यादा हो तो घुटने और जोड़ों में दर्द की वजह बन सकता है इसी तरह वजन कम हो तो मासिक धर्म के चक्र में गड़बड़ी और कमजोरी जैसी परेशानियां हो सकती हैं।
डॉक्टर मीरा सिंह कहती हैं ‘महिलाओं को अपने वजन के बारे में खास ख्याल रखना चाहिए। बढ़ता वजन स्वास्थ्य और सौन्दर्य के लिहाज से अच्छा नहीं माना जाता। वजन बढऩे के साथ ही पैरों, घुटनों और कमर में दर्द की परेशानी बढ़ जाती हैं। मगर यह बात कम ही लोगों को मालूम है कि वजन यदि जरूरत से ज्यादा कम हो तो उससे कहीं ज्यादा परेशानियां होती हैं। लड़कियों में कम वजन से सबसे पहली परेशानी उनके मासिक धर्म में आती है। मासिक धर्म का चक्र खराब हो जाता है। अन्य कमियां और कमजोरी आने लगती है। रक्तचाप कम रहने लगता है।’ वजन कम रहने से महिलाओं को गर्भधारण करने में भी परेशानी होती है। डॉक्टर गर्भधारण करने से पहले और गर्भावस्था के दौरान वजन सामान्य रखने की सलाह देते हैं। जिम इंस्ट्रक्टर जगजीत सिंह का कहना है,’महिलाएं अक्सर वजन ज्यादा होने पर खाना कम कर देती हैं। इससे उन्हें कमजोरी आने लगती है। वजन कम करने के लिए खाना कम न करें बल्कि किसी विशेषज्ञ की सलाह से अपने लिए संतुलित आहार तालिका तैयार करें। वजन कम करना हो तो रोज सुबह उठकर ताजा दही खाएं और पानी ज्यादा पीएं।’
‘वजन कम करने के इच्छुक लोग रात का भोजन आठ बजे से पहले कर लें। सुबह हल्का नाश्ता लें। दोपहर में दही और सलाद के साथ पूरा खाना खाएं। शाम में कोई एक मौसमी फल लें। रात के भोजन में सूप, स्प्राउट, सलाद और उबली हुई दाल आदि ले सकते हैं।’ जगजीत का कहना है,’अगर आपका वजन कम है तो उसे बढ़ाने के लिए खाने में फैट की मात्रा बढ़ाने की बजाय प्रोटीन ज्यादा लें। जैसे दाल, राजमा, सब्जियां, मीट, मछली और अंडा खाएं।’ संतुलित आहार और थोड़े से व्यायाम से अपने वजन ही नहीं बल्कि अपने स्वास्थ्य और सौंदर्य को भी टिकाऊ और स्थिर बनाया जा सकता है(दैनिक ट्रिब्यून,दिल्ली,21.1.11)।

1 टिप्पणी:

एक से अधिक ब्लॉगों के स्वामी कृपया अपनी नई पोस्ट का लिंक छोड़ें।