बुधवार, 8 दिसंबर 2010

कम्प्यूटर और आँखें

दिनभर कम्प्यूटर के सामने बैठे-बैठे हाथ-पैर, आंखे और पूरे शरीर की बुरी हालत हो जाती है। वैसे तो यह सब सामान्य बात ही नजर आती है परंतु इसका हमारे शरीर पर बहुत बुरा प्रभाव पड़ता है।

दिनभर कम्प्यूटर पर कार्य करने वाले अधिकांश लोगों में एक समय बाद चिड़चिड़ापन आ जाता है और वे मानसिक तनाव भी झेलते हैं। जिससे उनका पारिवारिक जीवन और कार्यक्षमता भी प्रभावित होती है। समय रहते इस तनाव को दूर करने का उपाय कर लिया जाए तो आप भी हमेशा खुश और स्वस्थ रह सकते हैं। आपकी आंखों की रोशनी हमेशा चमकती रहेगी और चश्मों आदि से निजात मिलेगी।

यह एक्सरसाइज करें
- कम्प्यूटर पर कार्य करने वाले लोगों की आंखों पर सबसे अधिक दबाव पड़ता है। इसलिए आंखों की सुरक्षा के लिए आंखों की पुतलियों को दाएं-बाएं और ऊपर-नीचे घुमाए। फिर गोल-गोल घुमाएं। इससे आंखों की रोशनी बढ़ेगी और आंखों को ठंडक मिलेगी।
- बैठे-बैठे पीठ दर्द करने लगती है तो इस दर्द को दूर करने के लिए दोनों हाथों से कोहनियां से मोडि़ए और दोनों हाथों की अंगुलियों को कंधे पर रखें। अब दोनों हाथों की कोहनियों को मिलाते हुए और सांस भरते हुए कोहनियों को सामने से ऊपर की ओर ले जाएं। कोहनियों को घुमाते हुए नीचे की ओर सांस छोड़ते हुए ले जाएं। कोहनियों को विपरीत दिशा में भी घुमाइए।
- गर्दन दर्द से बचने के लिए गर्दन को दाएं-बाएं और ऊपर-नीचे घुमाएं। गोल-गोल घुमाए। इससे आपकी गर्दन का दर्द ठीक हो जाएगा।
यह क्रियाएं प्रतिदिन करने पर कुछ ही दिनों में आप मानसिक तनाव से मुक्ति प्राप्त कर लेंगे और फिर अच्छे से कार्य कर सकेंगे।

कम्प्यूटर पर वर्क करने वालों की आंखों को लगातार मॉनीटर स्क्रीन पर ध्यान रखना होता है। मॉनीटर से निकलने वाली किरणें हमारी आंखों पर काफी बुरा प्रभाव डालती है।
कम्प्यूटर वर्किंग के दौरान जो लोग अपनी आंखों का ध्यान नहीं रखते उन्हें बहुत जल्द चश्मा लग जाता है और जिन लोगों को चश्मा लगा होता है उनके नंबर बढ़ जाते हैं या आंखों संबंधी और कई अन्य समस्याएं उन्हें घेर लेती हैं।
ऐसे में आंखों की सुरक्षा के लिए सभी को सावधानी बरतनी चाहिए। यहां हम कुछ टिप्स बता रहे हैं जिनसे आपकी आंखों की रोशनी तेज रहेगी और आंखे थकेगी नहीं।
- सबसे पहले यह ध्यान रखें कि लगातार स्क्रीन की ओर ना देखे। ज्यादा से ज्यादा 10 मिनिट में कुछ क्षण के लिए आंखें स्क्रीन से हटा लें।
- हर दस मिनिट में कुछ पल आंखों को बंद रखें।
- दिन में कम से कम 5-10 बार आंखों को ठंडे साफ पानी से अवश्य धोएं।
- हर दस मिनिट में स्क्रीन से नजर हटाकर दस फीट दूर तक दस सेकंड तक देखें।
- प्रतिदिन सुबह आंखों की एक्सरसाइज करें।
- प्रतिदिन सुबह आंखें बंद करके ध्यान लगाएं।
- हरी पत्तेवाली सब्जियां अधिक से अधिक खाएं।
- प्रतिदिन सुबह नंगे पैर घास पर चलें इससे आपकी आंखों की रोशनी बहुत तेज होगी।
- स्क्रीन और आंखों के मध्य कम से कम दो फीट की दूरी अवश्य रखें। स्क्रीन आंखों से एकदम करीब भी ना हो ज्यादा दूर भी न रखें(दैनिक भास्कर,उज्जैन,31.07.2010 और 8.12.2010 में)।

3 टिप्‍पणियां:

एक से अधिक ब्लॉगों के स्वामी कृपया अपनी नई पोस्ट का लिंक छोड़ें।