गुरुवार, 25 नवंबर 2010

उत्तर भारत में पहली बारःलखनऊ में हुआ बिना चीरा कैंसर का ऑपरेशन

छत्रपति शाहूजी महाराज चिकित्सा विवि के डॉक्टरों ने पुरुष जननांग के कैंसर का दूरबीन विधि से ऑपरेशन कर एक नई उपलब्धि हासिल की है। विवि के डॉक्टरों के मुताबिक पूरे उत्तर भारत में पहली बार ऐसा ऑपरेशन किया गया है। उत्तर भारत के बाहर आमतौर पर इस ऑपरेशन के लिए मरीज को लाख रुपये से ज्यादा खर्च करना पड़ता है, लेकिन यहां इसके लिए मात्र पांच हजार रुपये खर्च हुए। डॉ. पहवा ने बताया कि लखीमपुर खीरी निवासी 50 वर्षीय नवीन कुमार (बदला हुआ नाम) के पुरुष जननांग में कैंसर था। रोग ज्यादा बढ़ने की वजह से कैंसर की गांठों की चेन जांघ के ऊपरी हिस्से (इंग्वाइनल एरिया) में फैल गई थीं। दूरबीन विधि से साढ़े तीन घंटे तक चले ऑपरेशन के बाद डॉक्टरों ने इन गांठों को निकाल दिया। फिलहाल मरीज सर्जिकल वार्ड में भर्ती है। सर्जरी विभाग के वरिष्ठ सर्जन डॉ. एसएस पहवा और उनकी टीम में शामिल डॉ. अवनीश, डॅा. नीलेश व डॉ. अनुराग ने यह ऑपरेशन बीते सोमवार को किया। डॉ. पहवा ने बताया कि अब तक चिकित्सा विवि में पुरुष जननांग कैंसर की वजह से जांघ में फैली गांठों को निकालने के लिए बड़े चीरे लगाने पड़ते थे, इन घावों को भरने में महीनों लगते थे और संक्रमण की आशंका बनी रहती थी। घावों के भरने में दिक्कत भी आती थी। नई विधि मरीजों को इन दिक्कतों से दूर रखेगी। डॉ. पहवा के मुताबिक मरीज दूसरे जिले का है वरना उसे तीन दिन में डिस्चार्ज किया जा सकता था। उनके मुताबिक मर्ज के शुरुआती दौर में इस रोग का इलाज आसान है। रोग पहचानें डॉ. पहवा के मुताबिक यह रोग आमतौर पर निचले तबके के लोगों में होता है। यह 40 वर्ष की उम्र के बाद होता है। इसका मुख्य कारण गंदगी है। इस रोग में जननांग पर घाव, गांठ होती हैं। साथ ही त्वचा पीछे जाना बंद हो जाती है। जांघ के ऊपरी हिस्से में गांठें होना। बीमारी बढ़ने पर मूत्र त्याग और संबंधों के दौरान तकलीफ होना(दैनिक जागरण,लखनऊ,25.11.2010)।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

एक से अधिक ब्लॉगों के स्वामी कृपया अपनी नई पोस्ट का लिंक छोड़ें।