मंगलवार, 23 नवंबर 2010

जोड़ों का दर्द

मेरी उम्र 26 साल है। पैरों में कभी-कभी तकलीफ बढ़ जाती है, क्या करूं? मुझे कैसा आहार लेना चाहिए?-अनूप तिवारी, इलाहाबाद 
पैरों की गुनगुने पानी से सिंकाई करें। यदि ज्यादा तकलीफ महसूस हो तो दर्द निवारक दवा ले सकते हैं। इसके बाद भी दिक्कत रहे तो किसी अच्छे हड्डी रोग विशेषज्ञ से जरूर मिलें। खाने में जौ-चने का सत्तू और अंडे का सफेद हिस्सा आपके लिए हितकर होगा। 

मेरे कंधों के जोड़ों में दर्द बना रहता है। सामान उठाते समय दिक्कत अचानक बढ़ जाती है। क्या करूं? -पीके श्रीवास्तव, लखनऊ  
बेहतर होगा यदि आप कंधे का एक्स-रे करा लें और किसी हड्डी रोग विशेषज्ञ से मिलें। सम्भवत: कंधों में अंदरूनी सूजन होगी। 

मेरी पत्नी को गठिया की समस्या है। बीते कुछ दिनों से दोनों घुटनों में बहुत ज्यादा दर्द है। कुछ आयुर्वेदिक दवाएं खा रही हैं लेकिन आराम नहीं है। क्या करें? -एआर अग्रवाल, सुल्तानपुर 
दोनों घुटनों का एक्स-रे करवा लें और डॉक्टर से मिलें। मुझे दिखाना चाहें तो नबीउल्लाह रोड स्थित आरएएलसी भवन में हड्डी रोग विभाग की ओपीडी में आ सकते हैं। नियमित व्यायाम करें और वजन कम करने का प्रयास करें। 

मेरी उम्र 73 वर्ष है। बीते चार साल से दोनों घुटनों में तकलीफ रहती है। सर्दियों में दिक्कत बढ़ जाती है। दर्द निवारक दवाएं लेता हूं लेकिन आराम नहीं मिलता, क्या करूं? -जीआर अरोड़ा, एलडीए कॉलोनी, लखनऊ 
ओपीडी में मुझसे मिलें। घुटनों का एक्स-रे करा लें और पुराना एक्स-रे भी साथ लाएं। दोनों एक्स-रे देखकर यह पता लग जाएगा कि दिक्कत किस तेजी से बढ़ रही है। 

मेरी उम्र 45 साल है, पीठ में दर्द बना रहता है। दफ्तर में लगातार कुर्सी पर बैठे रहने के कारण रीढ़ की हड्डी में दर्द रहता है। चलने पर चक्कर आता है। -वीरेन्द्र अवस्थी, लखनऊ 
आप कैल्शियम की दो-दो गोलियां सुबह, दोपहर, शाम छह सप्ताह तक खाइए। स्पि्रंटर तेल से पीठ की मालिश करवाएं। आप लिम्ब सेंटर आकर फिजियोथेरेपी भी करवा सकते हैं। 

मेरी कलाई, कोहनी और कंधों में दर्द रहता है। पैर के पंजों में भी सुई चुभोने जैसा दर्द महसूस होता है, क्या करूं? -रमाकान्त सोनी, बाराबंकी 
दर्द किसी खास जगह पर हो रहा है तो सम्भवत: वहां कोई गांठ होगी। इस गांठ पर स्पि्रंटर तेल लगाएं। यदि 15-20 दिन में फायदा न मिले तो डॉक्टर से जरूर मिलें। कई बार इन्जेक्शन लगाकर भी इन गांठों को ठीक किया जाता है। 

मेरी एडि़यों में दर्द रहता है, कुछ समय पहले डॉक्टर को दिखाया था तो उन्होंने एडि़यों में इंजेक्शन लगाया था लेकिन एक एड़ी में दर्द अब भी बना हुआ है। -राम लखन, फैजाबाद 
संभवत: उस समय एक एड़ी में इंजेक्शन ठीक से नहीं लग पाया होगा, इस वजह से दिक्कत बनी हुई है। इंजेक्शन लगाने की प्रक्रिया एक बार फिर दोहरानी होगी। बेहतर होगा यदि आप एक बार ब्लड शुगर की जांच भी करा लें। 

मेरा वजन 62 किलो है। मेरे जोड़ों में काफी दर्द रहता है, पहले व्यायाम करती थी लेकिन अब नहीं कर पाती। चार महीने पहले मेरे यूट्रस का ऑपरेशन हुआ है, तब से तकलीफ और बढ़ गई है। परामर्श दें।-अल्का मिश्रा, लखनऊ 
आपका वजन काफी ज्यादा है, लिहाजा आप नियमित रूप से टहलना शुरू करें। दर्द से छुटकारा पाने के लिए हल्दी रोज निहार मुंह खाएं। बेहतर होगा कि एक बार बीएमडी टेस्ट भी करा लें। 

मेरी कमर में अक्सर दर्द बना रहता है। ज्यादा देर तक खड़े रहने से दर्द बढ़ जाता है। परामर्श दें।-हरि ओम, आदर्श कारागार 
आप नियमित रूप से धनुषासन करिए। हॉट वॉटर बॉटल पर तौलिया लपेटकर कमर की सिंकाई करें। 

मेरे पिताजी की उम्र 62 साल है। बीते छह वर्षो से बायें हाथ-पैर में झुनझुनाहट रहती है लेकिन जांच में मधुमेह नहीं निकला। एक डॉक्टर ने स्लिप डिस्क होने की बात कही थी, क्या बीमारी हो सकती है? -रजनीश फैजाबाद 
आपके पिताजी की दिक्कत दिमाग से जुड़ी लगती है। आपको किसी न्यूरोलॉजिस्ट से संपर्क करना चाहिए। एक सीटी स्कैन भी कराना पड़ सकता है। स्लिप डिस्क में शरीर के आधे अंग में दिक्कत नहीं होती। 

बीते आठ-नौ महीने से मेरे दाएं घुटने में बहुत ज्यादा तकलीफ रहती है। हालांकि थोड़ी समस्या पांच-छह साल से है। रात में सोते समय कई बार पैर सीधा नहीं कर पाती। -हिना खालिद, चौक, लखनऊ 
लक्षण सुनकर लगता है कि आपकी दिक्कत काफी बढ़ चुकी है। सही उपचार के लिए आपको विशेषज्ञ डॉक्टर से मिलना होगा। डरने की कोई बात नहीं है, इसका इलाज सम्भव है। 

मेरी उम्र 58 वर्ष है। पैरों के पंजों में हल्का दर्द रहता है। उपचार बताएं? -चन्द्र प्रताप सिंह, जलसर, गोण्डा 
दोनों पैरों को गुनगुने पानी से सिकाई करें। ध्यान रखें कि जूते का अगला हिस्सा बहुत पतला न हो। चप्पल में मेटाटार्सल बार लगवा लें, ताकि उंगलियों पर दबाव न महसूस हो। 

मेरी मां की उम्र 54 साल है। उनकी हड्डियों में दर्द बना रहता है। डॉक्टर ने ऑस्टियोपोरोसिस होने की बात कही थी। बीते कुछ समय से उनके हाथ-पैरों में ढीलापन रहता है। हड्डियां भी कम चौड़ी लगती हैं। इलाज सुझाएं? -पंकज यादव, फैजाबाद 

आपको उनकी बीएमडी जांच दोबारा करानी चाहिए। बेहतर होगा यदि वह डेढ़ महीने तक लगातार कैल्शियम की दो-दो गोलियां सुबह, दोपहर व शाम खाएं। उन्हें नियमित व्यायाम करने के साथ बिना भुना चना खाना चाहिए। चने का सत्तू भी लाभकारी होगा। 

मेरी उम्र 40 साल है। जांच के दौरान मेरा रिह्यमेटॉयड फैक्टर कम निकला था। डॉक्टरों का कहना है कि मुझे आजीवन दवाओं का सहारा लेना होगा। मुझे क्या करना चाहिए?-अर्चना मिश्रा, लखनऊ 
घबराने की जरूरत नहीं है। इस बीमारी का इलाज संभव है। आप बिना देरी किये हुए रिह्यमेटोलॉजी विभाग के डॉक्टरों को दिखाएं। चाहें तो चिकित्सा विवि की हड्डी रोग विभाग की ओपीडी में भी डॉक्टरों को दिखा सकती हैं। 

मेरी उम्र 35 साल है। कमर के ऊपर अक्सर चिलकन महसूस होती है। पीठ में दर्द भी बना रहता है। कृपया उपचार सुझाएं। -कुसुमलता, लखनऊ 
सम्भवत: आपके शरीर में कैल्शियम की कमी है। कैल्शियम की गोलियां खाएं और दर्द से निजात पाने के लिए सुबह-शाम वोवेरॉन गोलियां लें। स्पि्रंटर तेल से कमर की मालिश करवाएं। 

मेरी उम्र 35 साल है। मैं हर रोज सौ किमी से अधिक मोटरसाइकिल चलाता हूं। पिछले सात सालों से पीठ में दर्द रहता है। डॉक्टरों ने मोटरसाइकिल कम चलाने की सलाह दी है। क्या करूं?-राजीव दुबे, अमेठी 
 आप पीठ की नियमित रूप से सिकाई करिए। साथ ही व्यायाम को अपनी दिनचर्या में शुमार करें। इससे दर्द में कमी आएगी। इसके सिवा कैल्शियम खूब खाएं। धनुषासन व भुजंगासन करने से भी आराम मिलेगा। 

मेरी उम्र 80 साल है। सर्दी के मौसम में घुटनों में बहुत दर्द रहता है। कृपया इलाज बताएं। -बलदेव सिंह, लखनऊ 
घुटनों की सिकाई करना सबसे अच्छा इलाज है। इसके सिवा घुटनों में गर्मी बनाये रखने के लिए नी-कैप पहनें। सुबह-शाम नियमित रूप से दो चम्मच हल्दी को शहद के साथ खाएं। घुटनों में स्पि्रंटर तेल की मालिश करें। 

मेरी मां की उम्र 50 साल है। उनको 20 दिन पहले अचानक हाथ, पैर व कमर के जोड़ों में दर्द हुआ। जांच में पता चला कि गठिया है, उपचार बताएं। -पंकज दीक्षित, राजाजीपुरम 
जोड़ों की सिकाई सबसे कारगर इलाज है। उन्हें नियमित रूप से कैल्शियम की गोलियां खिलाएं। ज्यादा तकलीफ होने पर हड्डी रोग विशेषज्ञ से मिलें। 

मेरी उम्र 39 साल है। मुझे पिछले एक महीने से घुटनों के ऊपरी हिस्से में दर्द बना रहता है। रात में तकलीफ और बढ़ जाती है। घुटना ठंडा पढ़ जाता है। कलाईयों में भी रहता है, क्या करूं?-संजय श्रीवास्तव, लखनऊ 
आप गीजर के पानी से हाथ, पैर व घुटनों की सिकाई करें। साथ ही दो चम्मच आंवा हल्दी को लगातार एक महीने तक निहार मुंह खाएं। इससे घुटनों के दर्द में आराम मिलेगा। तकलीफ बनी रहने की स्थिति में अच्छे हड्डी रोग विशेषज्ञ को दिखाएं। 

मैं फरवरी माह में फिसलकर कर गिर गया था, जिसकी वजह से हिपज्वाइंट की हड्डी टूट गई थी। अभी तक वॉकर लेकर चलता हूं। चोट वाला पैर पोलियो ग्रस्त है। उपचार बताएं। -अनिल मिश्र, फैजाबाद 
सीधे खड़े होकर पहले प्रभावित पैर को उठाएं। इसके बाद प्रभावित पैर पर जोर देकर खड़े हों। ऐसा करने से पैर में वजन सहने की क्षमता बढे़गी और आप अपने पैरों पर चल सकेंगे। वैसे आपको एक बार चिकित्सा विवि में आकर दिखा सकते हैं। 

मेरी उम्र 70 साल है। पिछले साल पीजीआइ में हृदय का ऑपरेशन कराया था। इसके बाद से जोड़ों में दर्द रहता है। रात में दर्द बढ़ जाता है। कृपया उपचार बताएं। -वीर बहादुर सिंह, फैजाबाद 
कई बार हृदय के ऑपरेशन के बाद पैरों में दर्द रहता। आपको पीजीआइ के उन्हीं डॉक्टर से परामर्श लेनी चाहिए, जिनसे आपने ऑपरेशन कराया था(दैनिक जागरण,लखनऊ,23.11.20100।

2 टिप्‍पणियां:

एक से अधिक ब्लॉगों के स्वामी कृपया अपनी नई पोस्ट का लिंक छोड़ें।