बुधवार, 24 नवंबर 2010

हड्डियों से जुड़ी परेशानियां

दो साल पहले में मेरे पैर में चोट लग गई थी। घुटने में सूजन है। हालांकि इसमें दर्द नहीं होता- शिवम मौर्या, कौशांबी 
कभी-कभी चोट के कारण जोड़ में पानी जमा हो जाता है। मेडिकल साइंस में इसे साइनोआइटिस कहते हैं। ऐसे मामले में सूजन बनी रहती है लेकिन दर्द नहीं होता। आप एसआरएन अस्पताल आकर जांच कराएं। दस दिन तक दवा करने के बाद यह परेशानी ठीक हो जाएगी।

मेरी उम्र 30 साल है। कमर में दर्द रहता है। सुबह उठने की कोशिश करता हूं लेकिन उठ नहीं पाता। इसका क्या इलाज है? -जगदीश नारायण पांडे, प्रतापगढ़
30 साल की उम्र तो ऐसा नहीं होता, फिर भी आपकी परेशानी और लक्षण के मुताबिक यह लम्बर स्पांडिलाइटिस है। आप अपनी जांच करवाएं। कमर का एक्स रे होगा। कुछ दवाएं और फिजियोथिरेपी कुछ दिनों तक नियमित चलेगी।

मेरे दायें घुटने में दर्द रहता है। साइकिल चलाने और सीढि़यां चढ़ने में काफी तकलीफ होती है। अब तो बायें पैर में भी दर्द शुरू हो गया है- भारत लाल यादव, प्रतापगढ़
यह आस्टियो आर्थराइटिस के लक्षण हैं। इससे निजात पाने के लिए आपको कुछ कसरत करनी होगी। इसके साथ ही कुछ दवाएं भी चलेंगी। आप एसआरएन आकर जांच करवाइए। यहां जांच के बाद दवाएं और कसरतें बताई जाएंगी। 

मेरी उम्र 22 साल है। कमर में बायें तरफ दर्द रहता है। ज्यादा देर तक खड़े रहने पर दर्द बढ़ जाता है। इस तकलीफ के चलते मैंने क्रिकेट भी छोड़ दी है। शारदा प्रसाद पांडे, अटरामपुर, इलाहाबाद
आपको स्लिप डिस्क है। एहतियात बरतें। भारी वजन हरगिज न उठाएं और न आगे की ओर झुकें। यह परेशानी कुछ कसरतों को नियमित करने से दूर हो सकती है। इसके लिए आप एसआरएन आएं। समय रहते इलाज नहीं कराने पर आगे सियाटिका की समस्या भी हो सकती है।

एक साल पहले सीढ़ी से गिरने के कारण कमर में चोट लग गई थी। चोट वाला हिस्सा अभी भी शून्य रहता है और दर्द होता है। कसरत करने से भी आराम नहीं मिल रहा- जेबी सिंह, होलागढ़, इलाहाबाद
आप एक बार एमआरआइ करा लें। इसकी रिपोर्ट में छोटी-छोटी चीजें भी स्पष्ट हो जाती है और रिपोर्ट के आधार पर सटीक इलाज किया जा सकता है। जांच के लिए आप एसआरएन अस्पताल आएं। 

 मेरी कमर और घुटने में दर्द रहता है- संतोष कुमार, प्रतापगढ़
आपमें आस्टियो स्पांडिलाइटिस और लम्बर स्पांडिलाइटिस के लक्षण हैं। आप एक बार एक्स रे करा लें और एसआरएन में आकर जांच करा सकते हैं। इलाज में कुछ दवाएं और कसरत नियमित रूप से करनी होंगी।

छह माह से मेरी कमर के मध्य भाग में दर्द हो रहा है। कमजोरी भी महसूस होती है- अशोक बिंद, भीटी हरवारा
आपको अपनी जांच करवानी चाहिए। एक्सरे करा लें और खून की जांच भी। एसआरएन अस्पताल में आकर परीक्षण करवाएं। वैसे स्पांडिलाइटिस नहीं होनी चाहिए, यह कोई और ही समस्या है जो जांच में ही पता चल पाएगी। 

बहुत पहले मुझे बोनी टीबी हुई थी। उसका पूरा इलाज भी चला, लेकिन बाद में कमर दर्द की शिकायत होने लगी। काफी तेज दर्द होता है। लखनऊ में जांच करवाई तो स्पांडिलाइटिस बताया गया- राहुल शुक्ला, रसूलाबाद
टीबी से स्पांडिलाइटिस हो सकती है। चूंकि चल रही दवाओं से आपको आराम नहीं मिल रहा है,सो इन्हें बदलने की जरूरत है। आप एसआरएन आकर जांच करवाएं। जांच के बाद आपको उचित दवाएं लिखी जाएंगी। इसके साथ ही आपको फिजियोथिरेपी भी करवानी होगी।

मुझे एड़ी में दर्द होता है। एक साल पहले चोट लगी थी। डॉक्टर को दिखाया तो उन्होंने फ्रैक्चर बताया। यह भी कहा कि आपरेशन कराना होगा- चंदन, कमलानगर, इलाहाबाद 
बिना देखे तो कुछ नहीं कह सकता। आप अपना एक्सरे करवा कर दिखाएं। हो सकता है कि आपरेशन जरूरी हो। पुरानी चोट को फ्यूज करना पड़ता है। 

15 साल से गठिया से परेशान हूं। बराबर दर्द बना रहता है। सारी पद्धति में इलाज कराके देख लिया, लेकिन आराम नहीं मिला। उमेशचंद्र, प्रतापगढ़
यह रम्यूटॉयड आर्थराइटिस है। इसका इलाज लंबा चलेगा। कई नई दवाएं आ गई हैं जो इस मर्ज में कारगर हैं लेकिन इसका नियमित रूप से इलाज करवाना होगा। आप जांच करवाएं।

हाथ में दर्द रहता है कंधे तक-धीरज कुमार, सोरांव
इस परेशानी को फ्रोजन शोल्डर कहते हैं। इसमें कंधा दर्द करता है। रात के समय अधिक तकलीफ होती है। इसके इलाज में दवा के साथ ही व्यायाम भी चलेगा। कम से कम चार माह तक इलाज चलेगा।

2005 से ही एनकॉयलोजिंग स्पांडिलाइटिस है। कमर और रीढ़ में दर्द होता है। दवा चल रही है, लेकिन आराम नहीं मिल रहा। अंजनी गुप्ता, अल्लापुर
इस परेशानी के लिए कुछ नई दवाएं आई हैं जिनसे राहत पाई जा सकती है। आप एसआरएन आकर जांच कराएं। दवा के साथ ही नियमित कसरत भी चलेगी। अपनी सभी जांच रिपोर्टो के साथ आकर मिलें। 

क्रिकेट खेलते समय घुटने में चोट लग गई थी और दर्द रहता है- राजा, हंडिया
हो सकता है कि घुटने के गुटकों में चोट लग गई हो और जोड़ों में पानी जमा हो गया हो। जरूरी है कि आप एमआरआई करा लें। इस परेशानी को आइडीके कहते हैं। डॉक्टर से मिलें, जांच के बाद ही उचित परामर्श दिया जा सकेगा। 

डेढ़ माह पहले मुझे चिकनगुनिया हो गया था। बुखार तो खत्म हो गया, लेकिन जोड़ों का दर्द नहीं जा रहा। पूरे शरीर में दर्द रहता है। कुसुम गुप्ता, एकांकी कुंज, इलाहाबाद
ऐसा होता है। चार-पांच हफ्ता लगेगा ठीक होने में। कुछ दवाएं चलेंगी और कैल्शियम भी लेना होगा। एक बार आप गठिया की भी जांच करा लें। हो सकता है कि उसकी वजह से भी दर्द बढ़ रहा हो। इसकी जांच के लिए ब्लड टेस्ट करवाना होगा। 

मेरे पैरों में दर्द रहता है, खासतौर पर घुटने में। कमर और हाथ के जोड़ों में भी दर्द की शिकायत रहती है। पैर की गांठों में सूजन आ गई है- तेजवन प्रजापति, अल्लापुर 
आपको पोली आर्थराइटिस की समस्या है। आपको हाइपर यूरीसीमिया है, यूरिक एसिड बढ़ गया है। कुछ नई दवाएं आई हैं जो आराम दे सकती हैं। एक बार आप एसआरएन आकर जांच करा लें। खाने में पत्तेदार सब्जियां और ज्यादा प्रोटीन वाली चीजें न लें।

मुझे स्पांडिलाइटिस की शिकायत है। गर्दन और हाथ में दर्द रहता है- निर्मला मिश्रा, कीडगंज
आप अपना एक्सरे करवा लें। तकिया बिल्कुल न लगाएं, मोटे गद्दे का प्रयोग भी न करें। कुछ दवाएं व नियमित कसरतें चलेंगी जिनसे आराम मिल जाएगा। आप एहतियात बरतें(दैनिक जागरण,इलाहाबाद,23.11.2010)।

1 टिप्पणी:

एक से अधिक ब्लॉगों के स्वामी कृपया अपनी नई पोस्ट का लिंक छोड़ें।