गुरुवार, 7 अक्तूबर 2010

अब पेश है रिलायंस लाइफ केयर फॉर यू

अनिल अंबानी समूह की जीवन बीमा कंपनी रिलायंस लाइफ इंश्योरेंस ने हेल्थ बीमा कारोबार में कदम रख दिया है। आज कंपनी ने 'रिलायंस लाइफ केयर फॉर यू' नाम से विशुद्ध स्वास्थ्य बीमा उत्पाद बाजार में उतार दिया है। यह पॉलिसी पूरे परिवार की स्वास्थ्य जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। यह जरूरत पड़ने पर सेहत से जुड़े हर तरह के खर्च की भरपाई करने की गारंटी देती है। कंपनी ने इस पॉलिसी को पारदर्शी बनाने की कोशिश करते हुए तीन वर्षो के लिए एक ही प्रीमियम राशि तय करने की बात कही है। रिलायंस लाइफ का दावा है कि कंपनी की इस पॉलिसी को देश के 6 हजार अस्पतालों में स्वीकार किया जाएगा। यही कारण है कि कंपनी इसे सबसे बड़े नेटवर्क वाली पॉलिसी के तौर पर प्रचारित करने जा रही है। कंपनी ने यह भी बताया है कि नेटवर्क में शामिल सभी अस्पतालों में इस पॉलिसी के धारकों को कैशलेस इलाज की सुविधा दी जाएगी। यह पॉलिसी परिवार के मुख्य सदस्य के साथ ही उसके सभी आश्रितों को हेल्थ बीमा का कवरेज प्रदान करेगी। ग्राहक चाहे तो इसके तहत अपने माता-पिता या सास-ससुर का कवरेज भी ले सकता है। 18 वर्ष से 60 वर्ष की आयु तक का कोई भी व्यक्ति इस पॉलिसी को खरीद सकता है। उसे 75 वर्ष की उम्र तक नवीनीकरण की सुविधा भी मिलेगी। पॉलिसी अस्पताल के सभी खर्चो की भरपाई की सुविधा देती है। इसमें अस्पताल में भर्ती से पहले से लेकर छुट्टी मिलने के बाद तक के खर्चे शामिल हैं। इसे और आकर्षक बनाने के लिए इसमें मातृत्व सुविधा को भी जोड़ा गया है। साथ ही पॉलिसी का फायदा उठाने के लिए न्यूनतम 24 घंटे तक अस्पताल में भर्ती रहने की बाध्यता नहीं है। इस तरह की बाध्यता सामान्य तौर पर अन्य स्वास्थ्य बीमा पॉलिसियों में रहती है। इस पॉलिसी की एक अन्य महत्वपूर्ण खासियत यह है कि अस्पताल के कुल खर्च की 5 फीसदी राशि बगैर किसी कागजी कार्रवाई के दी जाएगी। शेष राशि कागजी कार्रवाई के बाद मिलेगी। देश में स्वास्थ्य बीमा सिर्फ तीन फीसदी लोगों के पास ही है। यही कारण है कि रिलायंस ने एक आकर्षक पॉलिसी के साथ इस बाजार में प्रवेश किया है(दैनिक जागरण संवाददाता,दिल्ली,7.10.2010)।

2 टिप्‍पणियां:

एक से अधिक ब्लॉगों के स्वामी कृपया अपनी नई पोस्ट का लिंक छोड़ें।