बुधवार, 18 अगस्त 2010

त्वचा संबंधी ज़रूरी प्रश्नोत्तर

मेरी उम्र 35 साल है। धूप में ज्यादा देर रहने पर त्वचा में खिंचाव सा महसूस होता है। हमेशा छोटे-छोटे दाने होते हैं। क्रीम लगाने पर भी त्वचा में कालापन रहता है। कई वर्षो से यही समस्या बनी हुई है। क्या करूं?- सुषमा तिवारी, चारबाग, लखनऊ आपको फोटो सेंस्टीविटी की शिकायत हो सकती है। जितना हो सके धूप से बचने की कोशिश करें। धूप में निकलने से पहले सन स्क्रीन प्रोटेक्शन क्रीम लगाकर निकलें। किसी त्वचा रोग विशेषज्ञ की सलाह अवश्य लें। मेरी उम्र 77 साल है। दोनों हथेलियों में सूखापन की शिकायत रहती है। कभी-कभी तो ये बहुत ज्यादा कड़ी हो जाती हैं। कृपया बताएं ये कौन सी बीमारी हो सकती है? - राजकुमार, आलमबाग, लखनऊ आपको हाइपर किरेटोलिटिक हो सकता है। आप एंटी किरेटोलिटिक दवाओं का इस्तेमाल कर सकते हैं, परन्तु पहले किसी त्वचा रोग विशेषज्ञ को अवश्य दिखाएं। डाक्टर से सलाह लेने के बाद ही किसी दवा का इस्तेमाल करें। मेरी उम्र 18 साल है। गर्मी और बारिश के मौसम में चेहरे में दाने निकल आते हैं। इनमे दर्द भी रहता है। खुजली होने पर पूरा चेहरा लाल हो जाता है। कोई उपाय बतायें। - शालू, बलरामपुर आप चेहरे की सफाई पर विशेष ध्यान दें। धूप और धूल से बचने की कोशिश करें। एंटी सेप्टिक क्रीम का इस्तेमाल करें। आप डाक्टर की सलाह लेने के बाद एंटी एक्ने (मुहांसे रोधी) दवाएं ले सकते हैं। मेरी बेटी की उम्र 17 साल है। उसके चेहरे पर अक्सर छोटे-छोटे दाने हो जाते हैं। दानों में मवाद भरा रहता है। खूब तेज खुजली भी होती है। गर्मियों के मौसम में तो समस्या कुछ ज्यादा ही बढ़ जाती है। क्या करना चाहिए? -राजकुमारी देवी, गोसाईगंज, फैजाबाद आपने जितना बताया उससे तो यही अंदाजा लगता है कि ये दाने गर्मी की वजह से हो सकते हैं। आप एंटी बैक्टीरियल क्रीम का इस्तेमाल करें। चेहरे की सफाई पर विशेष ध्यान दें। दिन में कम से कम तीन या चार बार मुंह अवश्य धोएं। मेरी भाभी की उम्र 35 साल है। पिछले चार सालों से बारिश के मौसम में उनके दोनों कुहनियों में दाने निकल आते हैं। खुजलाने पर दाने पक जाते हैं। दर्द भी रहता है। इलाज कराने के बावजूद भी समस्या जस की तस बनी हुई है। उपाय बताएं?- नितराम, बलरामपुर, लखनऊ बारिश के मौसम में इस तरह की समस्या होना आम बात है। आपकी भाभी को बैक्टीरियल इंफेक्शन हो सकता है। उन्हें ढीले-ढाले कपड़े पहनने चाहिए। सबसे अच्छा उपाय यह होगा कि वो सूती कपड़ों का प्रयोग करें। मेरी एक साल की भांजी है। यूं तो उसके शरीर पर दाने नहीं रहते हैं, परन्तु मच्छर काट ले तो दाने हो जाते हैं। उपचार कराने पर दाने ठीक तो हो जाते हैं, परन्तु निशान छोड़ देते हैं। क्या ये लक्षण किसी गंभीर बीमारी के तो नहीं हैं। -राम प्रसाद तिवारी, सरोजनी नगर, लखनऊ आपके बताए लक्षणों के अनुसार आपकी भांजी की त्वचा अति संवेदनशील है। उसे कोई गंभीर बीमारी नहीं है। परेशान न हों। आप जितना हो सके उसके शरीर को ढक कर रखें। बेहतर होगा कि आप उसे मच्छरदानी में सुलाएं। मेरी उम्र 37 साल है। बारिश के मौसम में चेहरे पर चकते पड़ जाते हैं। त्वचा लाल हो जाती है। पित्ती निकलने की भी समस्या रहती है। इलाज कराने के बाद कुछ दिन तो आराम रहता है, परन्तु फिर वही समस्या हो जाती है। वर्तिका, खदरा, लखनऊ आपको एलर्जी की शिकायत है। इंफेक्शन की समस्या भी हो सकती है। आप डाक्टर की सलाह पर एंटी एलर्जिक दवाएं ले सकती हैं। त्वचा की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दें। किसी त्वचा रोग विशेषज्ञ से सम्पर्क करें। मेरी उम्र 34 साल है। मेरी त्वचा तैलीय है। पेट में बनी गांठ का इलाज कराने के बाद एक साल तक दवाएं चली। उसी बीच दाने होने लगे। पिछले डेढ़ साल से इलाज करा रहे हैं फिर भी समस्या वैसी ही बनी हुई है। क्या करुं?-बब्ली सिंह, विकासनगर, लखनऊ आपको एक्ने की शिकायत हो सकती है। हार्मोनल चेंज की वजह से पहले मुहांसे निकलते हैं फिर उनमें मवाद भी जमने लगता है। आप किसी त्वचा रोग विशेषज्ञ को दिखाकर एंटी एक्ने दवाईयां ले सकती हैं। मेरी उम्र 34 साल है। पिछले छह-सात वर्षो से दाद की समस्या से पीडि़त हूं। अक्सर शरीर में कहीं भी दाद हो जाता है। उसमें बहुत ज्यादा खुजली भी रहती है। क्या ऐसा किसी इंफेक्शन की वजह हो रहा। -भागीरथ मौर्या, ऐशबाग, लखनऊ आपको फंगल इंफेक्शन की शिकायत है। आप ढीले-ढाले कपड़े पहने। सूती कपड़ों का प्रयोग करें। दाद पर लगाने वाले मलहम का प्रयोग करें। इस पर भी समस्या हल न हो किसी त्वचा रोग विशेषज्ञ को दिखाएं। मेरी उम्र 83 साल है। एक महीने से शरीर में खुजली की समस्या से ग्रसित हूं। त्वचा भी खुदरी हो गयी है। त्वचा पर पपड़ी भी पड़ जाती है। पूरे शरीर में जलन भी रहती है। कृपया उचित उपचार बताएं?- मंगरू प्रसाद, गोमती नगर, लखनऊ शरीर की सफाई पर ध्यान दें। ऐसा लगता है कि आपके शरीर की त्वचा में नमी की कमी है। नहाने के बाद शरीर पर नारियल का तेल लगाएं। ऐसा करने से त्वचा में नमी बनी रहेगी। आप किसी एंटी सेप्टिक क्रीम का प्रयोग भी कर सकते हैं। मेरी उम्र 25 साल है। चेहरे पर हमेशा मुहांसे रहते हैं। चेहरे की सफाई पर भी ध्यान देता हूं। क्या मैं जो साबुन इस्तेमाल कर रहा हूं उसे बदल दूं। क्या खाने में किसी तरह का परहज करना चाहिए? -अंकुर त्रिपाठी, माया देवी, तरबगंज, गोण्डा साबुन बदलने से कोई बदलाव नहीं आएगा। आप किसी भी प्रकार का साबुन इस्तेमाल कर सकते हैं। आपको खाने में परहेज करने की भी आवश्यकता नहीं है, बस तैलीय खाद्य पदार्थो का सेवन ज्यादा न करें। मेरे लड़के की उम्र 14 चौदह वर्ष है। उसके सिर में अक्सर पपड़ी पड़ जाती है और खुजली होती है। पपड़ी उखड़ने पर अक्सर खून भी निकलता है। कई बार डाक्टर को दिखाया और दवा चल रही है, लेकिन ये समस्या पूरी तरह समाप्त नहीं होती। क्या करूं? - रंजना माथुर, सीतापुर हो सकता है कि आप के लड़के को रूसी यानी डैंड्रफ हो। अक्सर ऐसी समस्या रूसी के कारण भी होती है। आप एंटी डैंड्रफ शैम्पू प्रयोग कीजिए और सही प्रकार से इलाज कराइए। जहां तक सवाल है खुजली का तो डैंड्रफ से खुजली होती ही है। कृपया खुजलाएं नहीं क्योंकि इससे तकलीफ और बढ़ जाएगी। डाक्टर साहब मेरे शरीर में अक्सर लाल दाने पड़ जाते हैं। हाथ-पैर और पीठ पर कुछ ज्यादा रहते हैं। काफी खुजली होती है। लाल चकत्ते बन जाते हैं और उनमें से पानी सा निकलता है। -रीता, लहरपुर, सीतापुर नमी युक्त मौसम में अक्सर बैक्टीरियल इंफेक्शन हो जाता है। इससे बचने के लिए साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। सूती कपड़ों का प्रयोग करें और खाने में तैलीय भोजन की मात्रा कम रखें। अगर परेशानी ज्यादा है तो आप एंटी बैक्टीरियल दवाओं का भी प्रयोग कर सकते हैं। मुझे घमौरियों की शिकायत नहीं रहती है लेकिन दाने निकलते हैं। पीठ और गले के पास कुछ ज्यादा ही रहते हैं। खुजली भी होती है इनमें। काफी परेशान हूं, कुछ उपाय बताइए?- मालिनी शर्मा, रामनगर, गोण्डा अगर वो दाने घमौरी नहीं हैं तो हो सकता है इंफैक्शन के कारण ऐसा हो रहा हो। आप एंटी इंफैक्शन दवाओं का प्रयोग कर सकते हैं। बेहतर होगा कि दवाओं के प्रयोग से पहले आप किसी अच्छे चर्म रोग विशेषज्ञ से मिलकर सलाह लें। घमौरियों में पाउडर का प्रयोग कितना उचित है क्योंकि ये पसीना निकलने वाले रोम को बंद कर देते हैं और पसीना निकलना तो एक जरूरी क्रिया है। कृपया सलाह दें?- रामनरेश यादव, गौरीगंज, सुल्तानपुर आप की बात बिल्कुल सही है, पसीना निकलना एक नितांत आवश्यक प्रक्रिया है। पाउडर प्रयोग किया जा सकता है। अगर आप इसका प्रयोग कर रहे हैं तो शरीर की सफाई का विशेष ध्यान रखना होगा। हो सके तो पाउडर का प्रयोग न करें। मेरी त्वचा कुछ ज्यादा ही संवेदनशील है। धूप में निकलने पर लाल हो जाती है। सन स्क्रीन क्रीम का भी प्रयोग करने पर दाने निकल आते हैं। किसी भी प्रकार की दवाओं का प्रयोग करने में भी समस्या हो जाती है। कृपया कुछ सलाह दें।- सलोनी, अर्जुनगंज, लखनऊ आप के लिए बचाव ही एक मात्र उपाय है। आपकी त्वचा कुछ ज्यादा ही संवेदनशील है। आप जब घर से बाहर निकलें तो चेहरे को कपड़े से ढक लें और हमेशा पूरी बांह के कपड़े प्रयोग करने की कोशिश करें। बेहतर होगा कि आप किसी डॉक्टर से सम्पर्क कर के अपनी जांच करा लें। मेरी त्वचा तैलीय है, इससे चेहरा काफी चिपचिपा बना रहता है। क्या कोई ऐसा तरीका है जिससे इस समस्या से निजात पाया जा सके?- रश्मि चौधरी, चंदन नगर, आलमबाग त्वचा का तैलीय होना तो हार्मोन के कारण होता है। ऐसी त्वचा में चिपचिपापन बना रहता है। इसका बिना देखे कोई भी समाधान बता पाना सम्भव नहीं है। आप अपने चेहरे का चिपचिपापन दूर करने के लिए, ठीक प्रकार से दिन में तीन-चार बार चेहरा धोएं। बेहतर होगा कि आप किसी भी प्रकार के सौंदर्य प्रसाधनों का प्रयोग न करें और अगर करें भी तो हर्बल उपयुक्त होगा(दैनिक जागरण,लखनऊ,18.8.2010)।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

एक से अधिक ब्लॉगों के स्वामी कृपया अपनी नई पोस्ट का लिंक छोड़ें।