गुरुवार, 3 मई 2012

आँखों को रखें नम

आज भले ही सिर के ऊपर बादल नजर आ जाए, लेकिन कल से छह दिन सूर्य सुकून से नहीं जीने देगा। हालांकि अधिकतम तापमान 37 डिग्री से ऊपर नहीं जाएगा, लेकिन आंखों के लिए यह भी कम नुकसानदेह नहीं है। क्या सावधानी बरतें, बता रहे हैं नेत्र विशेषज्ञ डॉ. संजीव लाहिड़ीः 

घर से बाहर निकलते समय धूप का चश्मा जरूर लगाएं। इससे धूप, धूल-मिट्टी से तो आपकी आंखों की रक्षा होगी ही, बार-बार आंखों को छूने की भी जरूरत महसूस नहीं होगी। धूप से रक्षा करने वाली कैप भी पहनना फायदेमंद रहेगा। इस मौसम में आंखें शुष्क हो जाती हैं। उनमें खुजली या जलन जैसी समस्या आ सकती है। आंखें लाल भी हो सकती हैं। आंखों को दो-तीन बार धोएं। 

पानी खूब पीएं। रात में सोने से पहले आंखों को साफ पानी से धोएं, लेकिन आंखों में पानी का छींटा न मारें, इससे नाजुक आंखों को नुकसान होता है। 

साफ-सफाई का विशेष खयाल रखें, क्योंकि गर्मी में आंखों के संक्रमित होने का खतरा काफी बढ़ जाता है। संक्रमित आंखों वाला व्यक्ति नजर आए तो उससे बचें। ऐसे व्यक्ति के आसपास के सामान पर हाथ न रखें, क्योंकि उन्होंने अपनी आंखों को छूकर अपना हाथ वहां रखा हो सकता है। इससे आपकी आंखें संक्रमित हो सकती हैं। अगर आपकी आंखें संक्रमित हैं तो आप भी खुद को अलग रखें। खासकर घर में बच्चों से खुद को दूर रखें, क्योंकि उनकी आंखें आपकी वजह से संक्रमित हो सकती हैं। 

इस मौसम में आंखें लाल, संक्रमित या शुष्क या एलर्जी का शिकार हो जाएं तो डॉक्टरी सलाह लेने से न हिचकें। धूल-मिट्टी और भीड़-भाड़ वाले वातावरण में जाने से बचें, क्योंकि इससे आपकी नाजुक आंखों को नुकसान हो सकता है। धूल-मिट्टी आंखों की दुश्मन तो हैं ही, भीड़-भाड़ वाले वातावरण में संक्रमित आंखों वाले व्यक्ति भी हो सकते हैं जो आपको संक्रमित कर सकते हैं। घर लौटकर हाथों को अच्छी तरह साबुन से धोएं, ताकि आपके गंदे हाथों से कोई संक्रमण न फैले। 

आंखों का अनावश्यक रूप से न छुएं। छूने या पोंछने की जरूरत महसूस हो तो साफ रुमाल या टिशू पेपर का इस्तेमाल करें। छोटे बच्चे अपनी आंखों का ध्यान खुद नहीं रख सकते। इसलिए माता-पिता उनकी आंखों का ध्यान रखें। उन्हें कोई भी तकलीफ हो तो तुरंत डॉक्टर से दिखाएं। 

खाने-पीने का तो विशेष ध्यान रखें ही। हरी सब्जियां आंखों के लिए अच्छी होती हैं, इसलिए इनका अधिक से अधिक सेवन करें(हिंदुस्तान,दिल्ली,25.4.12)।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

एक से अधिक ब्लॉगों के स्वामी कृपया अपनी नई पोस्ट का लिंक छोड़ें।