मंगलवार, 28 फ़रवरी 2012

मास्क सुंदरता में लगाए चार चांद

फेस मास्क त्वचा की देखभाल में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह त्वचा की सफाई करते हैं और मृत कोशिकाओं को बाहर निकालते हैं। मास्क लगाने से त्वचा साफ, मुलायम और युवा नजर आती है। इससे त्वचा में रक्त का संचरण भी बढ़ता है। विभिन्न फलों और सब्जियों के मास्क काफी प्रचलित हैं और घर पर आसानी से इस्तेमाल किए जा सकते हैं। इनमें विटामिन्स और मिनरल्स होते हैं, जो त्वचा को पोषण प्रदान करते हैं। 

अलग-अलग मास्क ड्राई स्किन के लिए : 
एक अंडे के पीले भाग में आधा चम्मच शहद और एक चम्मच दूध का पाउडर मिलाएं। इसका पेस्ट बनाएं और चेहरे पर लगाएं। 20मिनट बाद पानी से धो लें। 

तैलीय त्वचा के लिए : 
एक अंडे के सफेद भाग में आधा चम्मच शहद, एक चम्मच नीबू का रस और दो चम्मच मुल्तानी मिट्टी मिलाएं। इसका पेस्ट बनाकर चेहरे पर लगाएं। करीब 20 मिनट बाद चेहरे को पानी से धो लें। खुले हुए रोम छिद्रों वाली तैलीय त्वचा के लिए : ओटमील में नीबू का रस और थोड़ा-सा दूध मिलाएं। इस पेस्ट को लगाएं और करीब 20 मिनट बाद पानी से चेहरा धो लें। 

मिश्रित त्वचा के लिए
मुल्तानी मिट्टी में एक चम्मच दही मिलाएं और चेहरे पर लगा लें। सूखने के बाद सादे पानी से धो लें। सिर्फ दही भी इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे त्वचा मुलायम होती है और उसकी प्राकृतिक अम्लता बरकरार रहती है। 

धूप में झुलसी त्वचा के लिए
एक चम्मच शहद में दो चम्मच नींबू का रस मिलाएं और रोज लगाएं। 20 मिनट बाद चेहरे को सादे पानी से धो लें। 

सभी प्रकार की त्वचा के लिए ये मास्क हैं- 
क्लीनजिंग पपाया मास्क 
पपीते के गूदे को भी त्वचा पर मास्क की तरह लगाया जा सकता है। पपीते में कई एंजाइम होते हैं, जो त्वचा को मुलायम बनाते हैं और त्वचा से मृत कोशिकाओं को निकालते हैं। पके हुए पपीते के गूदे को चेहरे पर लगाएं और 20 मिनट बाद धो लें। 

क्लीनजिंग और स्किन लाइटनिंग मास्क 
खीरे और पपीते के गूदे में एक चम्मच शहद, एक चम्मच दही, तीन चम्मच ओटमील और एक चम्मच नींबू का रस मिलाएं। इन सबको अच्छे से मिलाने के बाद चेहरे पर लगाएं। करीब 20 मिनट बाद चेहरे को सादे पानी से धो लें। त्वचा साफ और खिली-खिली नजर आएगी। 

फ्रूट मास्क
फलों जैसे केले, सेब, पपीता और संतरे को एक साथ मिलाएं और चेहरे पर लगाएं। इसे करीब 20 से 30 मिनट तक रखें। पपीते में कई एंजाइम होते हैं, जो चेहरे की त्वचा से मृत कोशिकाओं को निकालने में मदद करते हैं। केला त्वचा में कसावट लाता है। सेब में पेक्टिन होता है, जो त्वचा को साफ करता है। 

टैनिंग दूर करने के लिए 
चेहरे पर दही या छाछ/मट्ठा लगाएं और 20 मिनट बाद चेहरा धो लें या दही में बेसन और एक चुटकी हल्दी को मिलाकर लगाएं और 20 मिनट बाद धो लें। इससे धूप में झुलसी त्वचा की रंगत धीरे-धीरे सामान्य होने लगती है। 

मास्क लगाने के तरीके 
-बालों को पीछे कसकर बांध लें। 
-अपने चेहरे को अच्छी तरह साफ कर लें। 
-मास्क लगाने के लिए एक चौड़े और चपटे ब्रश का इस्तेमाल करें। 
-संवेदनशील त्वचा पर कोई मास्क न लगाएं। खासकर आंखों के आसपास की त्वचा पर जब तक कि मास्क विशेष रूप से वहां लगाने के लिए तैयार नहीं किया गया हो। 
-होंठों पर भी मास्क न लगाएं। 
-मास्क को तब तक लगाएं रखें, जब तक कि वह सूखे नहीं। यानी लगभग 20-30 मिनट तक लगाए रखें। 
-मास्क को सादे पानी से निकालें। विशेष स्थिति में विशेष उपाय अपनाएं। 
-अगर चेहरे पर मुंहासे हों तो दानेदार मास्क और स्क्रब का इस्तेमाल न करें(हिन्दुस्तान,दिल्ली,२३.२.१२)।

8 टिप्‍पणियां:

  1. विभिन्न फेसमास्क की अच्छी जानकारियाँ देती प्रस्तुति...
    सादर आभार.

    जवाब देंहटाएं
  2. ये तो हमको देखना ही था..
    और पसंद भी आना ही था...
    :-)
    शुक्रिया राधारमण जी...

    जवाब देंहटाएं
  3. हाय ! किस्मत अपनी अपनी .
    किसी को खाने को भी न मिले , कोई चेहरे पर लगाये !:)
    लेकिन हम और आप भी तो दूसरी केटेगरी में हैं !

    जवाब देंहटाएं
  4. बहुत बढ़िया जानकारी और मास्क लगाने के तरीके,
    आभार !

    जवाब देंहटाएं
  5. आपने तो फेस मास्क के बारे में लाजवाब जानकारी डी है आज ...
    शुक्रिया जी ...

    जवाब देंहटाएं

एक से अधिक ब्लॉगों के स्वामी कृपया अपनी नई पोस्ट का लिंक छोड़ें।