मंगलवार, 3 मई 2011

"पास्च्युराइजेशन" का अर्थ क्या है?

शायद आपने गौर किया होगा कि दूध, मक्खन, जूस जैसी कई चीजों की पैकिंग पर "पास्च्युराइज्ड" लिखा होता है। क्या आपको पता है कि खाने-पीने के सामानों पर ऐसा क्यों लिखा होता है और यह "पास्च्युराइजेशन" क्या होता है?

असल में पास्च्युराइजेशन एक ऐसा खास तरीका होता है जिसमें खाने-पीने की चीजों के स्वाद-सुगंध, रंग-रूप आदि में बिना कोई बदलाव किए इनमें मौजूद खतरनाक बैक्टीरिया को खत्म किया जाता है। आपने भी देखा होगा कि अगर दूध को उबाला न जाए तो वह कुछ ही देर में खराब होकर फट जाता है। लेकिन अगर दूध को उबाल दिया जाए तो वह कई घंटों तक भी खराब नहीं होता। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि दूध में कई तरह के बैक्टीरिया होते हैं। खुले वातावरण में आने के बाद इनकी संख्या तेजी से बढ़ने लगती है। इस वजह से दूध खराब होने लगता है।

दूध में बैक्टीरिया आने के कई कारण हो सकते हैं,जैसे जिस पशु का दूध निकाला गया है उसका बीमार होना, पशु के थनों या दूध निकालने वाले व्यक्ति के हाथों का अस्वच्छ होना, जिस बर्तन में दूध रखा गया है उसका साफ न होना वगैरह। दूध की तरह ही कई बार खाने-पीने की दूसरी चीजों में भी सेहत के लिए हानिकारक बैक्टीरिया अपना डेरा जमाने लगते हैं।

हालांकि दूध वगैरह को देर तक उबालने से बैक्टीरिया खत्म हो जाते हैं, लेकिन ऐसा करने से इनके पोषक तत्वों के नष्ट होने का डर रहता है और व्यावसायिक रूप में यह तरीका महंगा भी पड़ता है। इस तरह की परेशानियों से बचने के लिए इन चीजों का पास्च्युराइजेशन किया जाता है। पास्च्युराइजेशन की खोज १८६०-६५ के दौरान प्रसिद्ध फ्रेंच वैज्ञानिक लुई पास्चर ने की थी और उन्हीं के नाम पर इस विधि का यह नाम रखा गया। पास्च्युराइजेशन में दूध, मक्खन, जूसजैसी जल्दी खराब होने वाली चीजों को किसी निश्चित तापमान पर एक निश्चित समय तक गर्म किया जाता है जिससे उसके बैक्टीरिया खत्म हो सकें। जैसे दूध के पास्च्युराइजेशन के लिए उसे करीब ७२ डिग्री सेल्सियस के तापमान पर १५-२० सेकंड तक गर्म किया जाता है और फिर जल्दी से ४ डिग्री सेल्सियस तापमान तक ठंडा करके रखा जाता है। एक अन्य विधि में किसी चीज को १३८-१५० डिग्री सेल्सियस के तापमान पर १ या २ सेकेंड के लिए गर्म किया जाता है। इस तरह, पास्च्युराइजेशन में समय के साथ-साथ पैसे की भी बचत हो जाती है और खतरनाक बैक्टीरिया से भी बचाव हो जाता है(राजीव शर्मा,नई दुनिया,3.5.11)।

4 टिप्‍पणियां:

एक से अधिक ब्लॉगों के स्वामी कृपया अपनी नई पोस्ट का लिंक छोड़ें।