मंगलवार, 16 मार्च 2010

व्यायाम ही नही,आराम भी ज़रूरी

एक तरफ जहाँ फिटनेस विशेषज्ञ कड़ा व्यायाम करने की हिमायत करते हैं, उनमें से कई तो जिम में थका देने वाले व्यायाम के बाद किए जाने वाले विश्राम पर भी ध्यान नहीं देते हैं। वहीं कुछ फिटनेस विशेषज्ञ यह कहते हैं कि व्यायाम के बाद किए जाने वाले विश्राम की उपेक्षा एक बड़ा अपराध है और यह बहुत जरूरी है। इसी वजह से वे लोग जो कड़ा व्यायाम करते हैं, वे बाद में बदन टूटने की शिकायत करते हैं।
फिटनेस के दीवाने हीरो रितिक रोशन का कहना है कि "शरीर जिम में नहीं बनता है, यह तब बनता है जब आप आराम कर रहे होते हैं। चाहे आपको वजन कम करना हो या फिर मसल बनाना, अच्छी नींद लें।" यदि कोई पर्याप्त आराम करता है, तो वह मसल्स की तकलीफ से बच सकता है। हाई इंटेसिटी वेट ट्रेनिंग में भी ट्रेनिंग के बाद के विश्राम ही मसल्स बनाते हैं। आपके सारे प्रयासों का परिणाम इसी दौरान मिलता है। तो यदि आप व्यायाम के बाद के समय आराम नहीं करते हैं तो वे सारे प्रयास जो आपने व्यायाम के दौरान किए थे, व्यर्थ हो जाते हैं। स्टेटिक स्ट्रैच करके या शवासन करके आप अपने मसल्स को आराम दे सकते हैं। यह आपके शरीर से एड्रीनलीन की मात्रा कम करता है और आपके दिल के धड़कने की गति को संतुलित करता है।
व्यायाम के बाद पानी पीना, संतरा आदि फल खाना भी अच्छा है। व्यायाम के दौरान भी मसल्स को रिलेक्स करने की आवश्यकता होती है। यदि आप मसल्स को टोन करने वाला व्यायाम कर रहे हैं तो इसके हर सेट के बाद आपको ३० से ३५ मिनट का समय देना चाहिए। मसल्स को पर्याप्त आराम न मिलने से थकान होती है या फिर लगातार दर्द बने रहने से आपके शरीर को कोई क्षति हो सकती है। इसके साथ ही व्यायाम करने के लाभ भी नहीं मिल पाते हैं। पीठ के बल जमीन पर लेटकर धीरे-धीरे साँस लेना और छोड़ना कड़े व्यायाम के बाद आराम करने का सबसे बेहतर तरीका है। साँस लें और पाँच तक गिनें फिर साँस छोड़ दें। ध्यान का अभ्यास आपके शरीर के ही नहीं, मन के लिए भी अच्छा है।
(कृति आनंद,नई दुनिया के नायिका परिशिष्ट,मार्च,2010 मे)

2 टिप्‍पणियां:

  1. ध्यान का अभ्यास आपके शरीर के ही नहीं, मन के लिए भी अच्छा है-बिल्कुल सही सलाह!

    जवाब देंहटाएं
  2. विश्राम से ही शरीर की श्रम-जनित क्षति की पूर्ति होती है -

    http://swastik-shubham.blogspot.com/2010/02/blog-post.html

    जवाब देंहटाएं

एक से अधिक ब्लॉगों के स्वामी कृपया अपनी नई पोस्ट का लिंक छोड़ें।